कुरुक्षेत्र। जिले के ढांड रोड पर एक दर्दनाक हादसे में राजस्थान के अलवर जिले से देवी दर्शन के लिए जा रहे परिवार का 17 वर्षीय किशोर अपनी जान गंवा बैठा। हादसा पिकअप चालक की लापरवाही के कारण हुआ, जिसने तेज गति से गाड़ी पीछे करते हुए किशोर और उसके फूफा को टक्कर मार दी।
नाबालिग की मौके पर हालत गंभीर, इलाज के दौरान मौत
मृतक की पहचान हेमंत कुमार (17) निवासी गांव सोखर, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। हादसे में उसके फूफा श्यामबीर के सिर में भी गंभीर चोट आई, जिनके सिर में 12 टांके लगे हैं।
बाथरूम के लिए रुकी थी गाड़ी
परिजनों के अनुसार, परिवार पिकअप (RJ-02GC-0254) में सवार होकर हिमाचल प्रदेश में नौ देवियों के दर्शन के लिए जा रहा था। कुरुक्षेत्र-ढांड रोड पर चालक ने बाथरूम के लिए गाड़ी रोकी। सभी लोग नीचे उतर गए। इसी दौरान हेमंत सड़क किनारे बैठा हुआ था, तभी चालक ने अचानक गाड़ी पीछे कर दी।
सिर में लगी गहरी चोट
गाड़ी की ढाला सीधे हेमंत के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
अलवर के पास तोड़ा दम
उचित इलाज के लिए परिवार उसे जयपुर ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में अलवर के पास ही उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम खेड़ली के सरकारी अस्पताल में करवाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
परिवार की शिकायत पर कुरुक्षेत्र पुलिस ने आरोपी चालक पप्पी राम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्शन के बाद रिश्ते देखने का था कार्यक्रम
परिजनों ने बताया कि देवी दर्शन के बाद वे अपने बच्चों के रिश्ते देखने जाने वाले थे। हेमंत भी परिवार के साथ भविष्य की योजनाओं का हिस्सा था, लेकिन हादसे ने सब कुछ छीन लिया।
