Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: कुरुक्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से डेढ़ साल के मासूम की मौत, परिवार ने लगाए धमकाने के आरोप

कुरुक्षेत्र  में एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। परिवार ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया और बाद में आरोपी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर दबाव बनाने और मारपीट करने की कोशिश की।

मृतक बच्चे की पहचान डेढ़ वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है। उसके पिता विजयपाल और मां सीमा रतगल क्षेत्र में रहते हैं। परिवार में प्रशांत के अलावा एक 8 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटी भी हैं।

मृतक की मां सीमा ने बताया कि सुबह वह नहाने जा रही थी और उसने अपने पति से बच्चे का ध्यान रखने को कहा था। इसी दौरान प्रशांत खेलते-खेलते घर से बाहर सड़क तक पहुंच गया। परिवार के अनुसार सामने पूर्व सरपंच के घर में मिट्टी डालने का काम चल रहा था, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली लगातार आ-जा रही थी।

आरोप है कि इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रॉली ने बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का कहना है कि जब मां रोते हुए ट्रॉली के पीछे भागी तो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद परिवार घायल बच्चे को तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

मां सीमा का आरोप है कि हादसे के बाद जब उन्होंने पुलिस से शिकायत की, तो मिट्टी डालने वाले पक्ष के कुछ लोग उनके घर पहुंच गए। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर धक्का-मुक्की की और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की।

परिजनों ने यह भी दावा किया कि जिस घर में मिट्टी डालने का काम चल रहा था, वहां CCTV कैमरे लगे हुए हैं। उनका आरोप है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग होने के बावजूद उन्हें बताया जा रहा है कि कैमरे बंद थे।

परिवार ने पुलिस से ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की गिरफ्तारी, CCTV फुटेज कब्जे में लेने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद इलाके में गम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *