महेंद्रगढ़। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने मंगलवार को अटेली विधानसभा क्षेत्र के धन्यवादी दौरे के दौरान करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कनीना बस स्टैंड और उन्हाणी में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नारनौल के सामान्य अस्पताल की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर पूरा होने के बाद निर्माण कार्य भी आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुराने अस्पताल भवन में बारिश के दौरान जलभराव की शिकायत सामने आने पर तुरंत मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।
आरती राव ने बताया कि कनीना बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। नए बस स्टैंड के बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने 17 जुलाई को हरियाणा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। मंत्री ने कहा कि इस अवसर पर भिवानी और कोरियावास मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही एशिया की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम में हरियाणा को कई अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की भी सौगात मिल सकती है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पुन्हाना में पेयजल संकट पर लोगों का फूटा गुस्सा, जुरेहड़ा रोड पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन
