Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: जगाधरी कोर्ट में AC ब्लास्ट, एडवोकेट का चेंबर जलकर राख; एक पुलिसकर्मी झुलसा

जगाधरी। कोर्ट परिसर के ब्लॉक-ए में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक एडवोकेट के चेंबर में लगे एसी में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई और चेंबर का सारा सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एक पुलिसकर्मी हल्का झुलस गया।

तीसरी मंजिल पर हुआ हादसा

घटना ब्लॉक-ए की तीसरी मंजिल स्थित चेंबर नंबर 324 की है। जानकारी के अनुसार, एडवोकेट मानीक लूथरा अपने चेंबर में काम कर रहे थे और एसी चल रहा था। अचानक एसी से आवाज आने लगी और कुछ ही सेकंड में धुआं व स्पार्किंग शुरू हो गई। खतरे को भांपते हुए वे तुरंत बाहर निकल आए।

ब्लास्ट के बाद मची अफरा-तफरी

एडवोकेट द्वारा बार रूम में सूचना देने के बाद लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन इसी दौरान एसी में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद आग की लपटें और धुआं पूरे चेंबर में फैल गया, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

सूचना मिलते ही कोर्ट सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। छत पर रखी पानी की टंकी से पाइप के जरिए आग पर काबू पाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। इस दौरान कांस्टेबल साहेब सिंह का हाथ हल्का झुलस गया।

लाखों का नुकसान

हादसे में चेंबर में रखी केस से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलें, फर्नीचर, एलईडी, पंखे, इन्वर्टर और किताबें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।

जांच जारी

एसआई महिंद्र पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एसी ब्लास्ट से आग लगने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *