अंबाला। जिले के बराड़ा क्षेत्र के गांव बराड़ा स्थित बाल्मीकि बस्ती में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव रविवार सुबह एक मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कुछ लोगों पर राहुल की हत्या करने का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बराड़ा रामकरण और पुलिस चौकी प्रभारी जयपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मुलाना भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: यमुनानगर की 76 कॉलोनियां फिर होंगी नियमित, कांग्रेस ने उठाए सवाल
घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध मौत के इस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
