Wednesday, July 29, 2026
Ambala Borewell Incident

Ambala Borewell Incident: खुले बोरवेल पर सख्ती, कृषि मंत्री ने दिए कार्रवाई के संकेत

अंबाला। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अंबाला के गांव धनोरा में बोरवेल में गिरे मासूम की दर्दनाक मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि बरसात से पहले प्रदेशभर में खुले पड़े बोरवेल की पहचान कर उन्हें सुरक्षित तरीके से बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों, विशेषकर पब्लिक हेल्थ विभाग और अन्य एजेंसियों को इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात कही।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

श्याम सिंह राणा ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या संबंधित व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

किसानों से कम पानी वाली खेती अपनाने की अपील

प्रदेश में इस बार सामान्य से कम बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि मंत्री ने किसानों से जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान कम पानी वाली फसलों को प्राथमिकता दें और धान की सीधी बिजाई (DSR) तकनीक अपनाएं।

मंत्री ने बताया कि डीएसआर तकनीक से पानी की बचत होती है, उत्पादन लागत कम होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार धान की सीधी बिजाई और कम पानी वाली फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध करा रही है।

यह भी पढ़ें: Ambala Borewell Tragedy: 21 घंटे बाद बोरवेल से निकला मासूम, नहीं बच सकी जान

सरकार की प्राथमिकता: सुरक्षा और जल संरक्षण

कृषि मंत्री ने कहा कि एक ओर सरकार खुले बोरवेल जैसी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठा रही है, वहीं दूसरी ओर बदलते मौसम और कम वर्षा की चुनौती से निपटने के लिए किसानों को आधुनिक एवं जल संरक्षण आधारित खेती अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।