अंबाला। अपनी लंबित मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सफाई कर्मचारी और फायर ब्रिगेड कर्मचारी तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल पर बैठ गए हैं। इसी क्रम में अंबाला में भी नगर परिषद के मुख्य गेट पर कर्मचारियों ने धरना शुरू कर दिया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरने की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश उपप्रधान सेवा राम बोहत ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में सफाई और फायर ब्रिगेड कर्मचारी मौजूद रहे।
सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
सेवा राम बोहत ने आरोप लगाया कि 13 मई को सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच जो समझौता हुआ था, उसे अब तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी ही सहमति से पीछे हट रही है, जिससे प्रदेशभर के कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सरकार के साथ दो बार बैठकें भी हुईं, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कर्मचारी नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के अगले आह्वान पर अंबाला के कर्मचारी और अधिक मजबूती के साथ आंदोलन में भाग लेंगे।
सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
तीन दिवसीय हड़ताल के कारण अंबाला की सफाई व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बरसात के मौसम में कचरा न उठने और नालों की सफाई प्रभावित होने से जलभराव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
नगर परिषद के बाहर जारी इस प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से समझौते को तत्काल लागू करने और लंबित मांगों का समाधान करने की मांग की।
