Friday, May 29, 2026

UJJWAL DISHA: पलवल में एंटी नारकोटिक सेल की कार्रवाई, 11.98 ग्राम स्मैक सहित तस्कर गिरफ्तार

पलवल। जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल (एएनसी) पलवल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 11.98 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव बनचारी निवासी जसबीर पुत्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है।

जिला पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सेल पलवल प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव ने बताया कि एएनसी स्टाफ दीघोट के पीएसआई आलोक कुमार अपनी टीम के साथ बंचारी फ्लाईओवर के पास वांछित अपराधियों और नशीले पदार्थों की धरपकड़ के लिए गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बनचारी निवासी जसबीर लंबे समय से स्मैक बेचने का धंधा करता है और वह सैवली रोड नाले के पास ग्राहक के इंतजार में खड़ा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और आरोपी को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जसबीर पुत्र प्रताप सिंह निवासी बनचारी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना मुंडकटी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *