Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: रास्ता मांगना पड़ा भारी, एडवोकेट पर जानलेवा हमला; पिटाई में टूटा पैर

पानीपत के मॉडल टाउन क्षेत्र में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है, जहां रास्ता मांगने पर कुछ युवकों ने एक युवा एडवोकेट पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब 8 से 10 हमलावरों ने लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर वकील का पैर तोड़ दिया। घटना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से आदर्श नगर निवासी पीड़ित एडवोकेट हेमंत ने पुलिस को बताया कि वह पानीपत कोर्ट में वकालत करते हैं। वह अपने दोस्त विजय के साथ क्रेटा कार में सवार होकर मॉडल टाउन स्थित एक साथी वकील से परीक्षा के नोट्स लेने जा रहे थे। जब वे आर्य समाज मंदिर रिंग रोड के पास पहुंचे तो उनके आगे एक काली खुली जोंगा जीप सड़क के बीचोंबीच बेहद धीमी गति से चल रही थी, जिससे पीछे लंबा जाम लग गया।

हेमंत ने रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया तो जीप में ड्राइवर के साथ बैठे युवक ने कथित तौर पर हवा में पिस्टल लहराते हुए धमकी दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने कहा, “साले चुप, छाती में गोली लगेगी।” स्थिति को देखते हुए हेमंत ने अपने मोबाइल फोन से जोंगा जीप की वीडियो बनानी शुरू कर दी। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख दोनों युवक मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद जब वे सागर रत्ना रेस्टोरेंट के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर बाहर खड़े थे, तभी एक स्कूटी और सफेद रंग की कार में सवार होकर करीब 8 से 10 युवक वहां पहुंचे। सभी के हाथों में लाठी-डंडे और अन्य हथियार थे। आरोपियों ने आते ही हेमंत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उनकी कमर, कंधे, हाथ और पैरों पर बेरहमी से वार किए।

हमले के दौरान हेमंत और उनके दोस्त ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भागने लगे। हेमंत ने हिम्मत दिखाते हुए भाग रहे स्कूटी सवार युवकों को पकड़ने की कोशिश की, जिससे स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई। हालांकि गंभीर चोटों के कारण हेमंत वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना के बाद घायल एडवोकेट को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *