भिवानी में एक व्यापारी को कथित रूप से रंगदारी और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। व्यापारी ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिसके चलते उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर व्यापारी और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत व्यापारी के घर के बाहर डायल-112 की टीम को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस फिलहाल धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि धमकी के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही मामले से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं व्यापारी वर्ग ने भी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े: अंबाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कैंटर लूट, भैंस चोरी और बुजुर्ग से लूट के मामलों का खुलासा
