भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले के बवानीखेड़ा कस्बे में छह साल पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। रविवार रात करीब 15-16 लोगों ने दो दोस्तों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। हमले में 33 वर्षीय बलजीत की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मोनू गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, मृतक बलजीत और उसका दोस्त मोनू अस्पताल में भर्ती बलजीत की भाभी का हालचाल जानने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां बलजीत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि मोनू का इलाज जारी है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हमला पूरी योजना के तहत किया गया। उनका कहना है कि करीब छह साल पहले होली के दौरान हुए विवाद की रंजिश में आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के मुताबिक, मामले में शामिल कुछ आरोपी करीब तीन महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से बलजीत की जान चली गई।
वहीं, तोशाम के डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
