Tuesday, July 28, 2026
Faridabad Dog Attack

फरीदाबाद की मलबेरी काउंटी सोसाइटी में 10 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों का हमला, 50 टांके लगे

फरीदाबाद के सेक्टर-70 स्थित मलबेरी काउंटी सोसाइटी में आवारा कुत्तों के हमले का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां छठी कक्षा में पढ़ने वाले 10 वर्षीय छात्र पर आधा दर्जन कुत्तों ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। घटना में बच्चे के शरीर, सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, बच्चा अपनी साइकिल लेकर अन्य बच्चों के साथ सोसाइटी परिसर में जा रहा था। इसी दौरान उसकी साइकिल की चेन उतर गई। जब वह चेन ठीक करने लगा, तभी करीब आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला।

घायल बच्चे के दादा ईश्वर सिंह ने बताया कि कुत्तों ने बच्चे के शरीर पर कई जगह काटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में डॉक्टरों को बच्चे के शरीर पर 15 से अधिक घाव मिले, जिन्हें बंद करने के लिए करीब 50 टांके लगाने पड़े। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पीड़ित परिवार ने सोसाइटी के कुछ निवासियों पर आवारा कुत्तों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ लोग कुत्तों को नियमित रूप से खाना खिलाते हैं, जिससे उनकी संख्या बढ़ रही है और पहले भी कई लोग कुत्तों का शिकार हो चुके हैं। शिकायत करने पर डॉग लवर्स द्वारा विवाद करने का भी आरोप लगाया गया है।

इस संबंध में पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए जिला प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

वहीं, फरीदाबाद के सिविल सर्जन डॉ. राम भगत ने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 80 से 100 डॉग बाइट के मामले अस्पताल की ओपीडी में पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि डॉग बाइट के इलाज के लिए आवश्यक वैक्सीन और इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। गंभीर मामलों के लिए भी अब बादशाह खान सिविल अस्पताल में विशेष इंजेक्शन उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को दिल्ली रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।