Wednesday, July 29, 2026
फरीदाबाद युवक की संदिग्ध मौत

फरीदाबाद में व्रत खोलने के बाद युवक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फरीदाबाद। फरीदाबाद के भारत कॉलोनी स्थित हनुमान नगर में 33 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का दावा है कि युवक ने व्रत खोलने के लिए फ्रूटी पी थी, जिसके बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मृतक की पहचान अंकुश (33) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अंकुश ने बीती रात व्रत रखा हुआ था। व्रत खोलने के लिए उसने परिवार के साथ फ्रूटी पी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे उल्टियां, पेट दर्द और पेट खराब होने की शिकायत शुरू हो गई।

परिजनों ने बताया कि अंकुश की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। बादशाह खान अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।

हालांकि परिजन उसे दिल्ली ले जाने के बजाय फरीदाबाद के ही एक अन्य निजी अस्पताल में लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अंकुश की मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें: रादौर की डेहा बस्ती में चला बुलडोजर, अवैध कब्जों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

 

पुलिस कर रही मामले की जांच

थाना खेड़ी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवक मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों से बातचीत की।

पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि व्रत खोलने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उसे अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।