Saturday, June 13, 2026

UJJWAL DISHA@पहले उठा धुआं, फिर हुआ धमाका… कुछ ही मिनटों में सड़क पर राख बन गई इलेक्ट्रिक स्कूटी

यमुनानगर: शहर के सौंधी मोहल्ला क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क पर चल रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें धमाके के साथ भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी स्कूटी आग के गोले में तब्दील हो गई। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते स्कूटी रोककर खुद को सुरक्षित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी चलते समय अचानक उससे धुआं उठता दिखाई दिया। चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उससे दूर हट गया। इसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटों ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

स्कूटी मालिक बृजभूषण, जो आजाद नगर के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी जॉय कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी को उनका एक परिचित किसी काम से लेकर गया था। स्कूटी लगभग दो साल पुरानी थी और अब तक उसमें किसी प्रकार की तकनीकी समस्या सामने नहीं आई थी।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका बैटरी फटने, ओवरहीटिंग या किसी तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और बैटरी से जुड़े जोखिमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।