Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA: अंबाला कैंट में गीता गोपाल चौक और दो एंबुलेंस जनता को समर्पित, अनिल विज ने किया उद्घाटन

अंबाला कैंट में आज गीता गोपाल संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गीता गोपाल चौक और दो नई एंबुलेंस का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर संस्था के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री का पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

इस मौके पर अंबाला कैंट के SDM, नगर परिषद चेयरपर्सन, नगर परिषद EO, अंबाला रोडवेज GM सहित कई सरकारी अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने नारियल फोड़कर गीता गोपाल चौक का उद्घाटन किया और नई एंबुलेंस सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उन्हें गीता गोपाल संस्था के कार्यक्रमों में आकर हमेशा अच्छा लगता है और संस्था समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है।

अनिल विज ने संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि जहां कहीं भी कोई हादसा होता है, वहां सबसे पहले गीता गोपाल संस्था के लोग पहुंचकर जरूरतमंदों की मदद करते हैं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता जीवन की हर कठिनाई से बाहर निकलने का रास्ता दिखाती है और युवाओं को गीता का अध्ययन करना चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि युवा गीता से जुड़ेंगे तो वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकेंगे। कार्यक्रम में उन्होंने बुजुर्गों की सेवा का संदेश भी दिया और कहा कि परिवारों को अपने माता-पिता का सम्मान करना चाहिए।

वहीं संस्था के पदाधिकारी राजेश काकरान ने बताया कि यह चौक करीब 27 वर्ष पहले भी अनिल विज द्वारा ही बनवाया गया था और अब इसका नवीनीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि आज दो नई एंबुलेंस भी जनता को समर्पित की गई हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।