Saturday, October 24, 2026
गुरुग्राम विदेशी पिस्टल के साथ 3 आरोपी

दिल्ली में वारदात की तैयारी का पुलिस का दावा, विदेशी पिस्टल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम: अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के संपर्क में थे और दिल्ली में अवैध वसूली व रंगदारी के लिए रेकी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की योजना दिल्ली में वारदात को अंजाम देकर भय का माहौल पैदा करने की थी।

तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय उर्फ मौलड़ (20) निवासी खेड़ा झांझरोला, गुरुग्राम, जतिन उर्फ जोनी (29) निवासी पटेल नगर, सोनीपत, हाल निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी, सोनीपत और सागर निवासी खेड़ा झांझरोला के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने अभय को गांव गढ़ी फ्लाईओवर, न्यू पटौदी-गुरुग्राम रोड के पास से, जतिन को फरुखनगर क्षेत्र से और सागर को KMP फरुखनगर से काबू किया।

दो विदेशी पिस्टल और पांच कारतूस बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल (PX, चाइना मेड) और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-10 गुरुग्राम में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचे और इस कथित हथियार सप्लाई नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस कार्रवाई के दौरान फ्लाईओवर से कूदा आरोपी

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी सागर ने बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। इससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा।

हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक सामने आया कि अभय को हथियार जतिन ने उपलब्ध कराए थे, जबकि जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों से मिले थे। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और कथित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के कहने पर अवैध वसूली और रंगदारी के लिए रेकी कर रहे थे। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

जतिन पर पहले से भी मामला दर्ज होने का दावा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जतिन के खिलाफ दिल्ली में आबकारी अधिनियम के तहत एक पुराना मामला भी दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों का स्रोत क्या है और आरोपियों की कथित गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही है।