जींद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने हैबतपुर गांव के बूथ नंबर 29 और 30 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण और मतदाता सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से सीधे संवाद कर अभियान के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ से कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।
डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए बेहद जरूरी है। इसके लिए नागरिकों को भी बीएलओ का पूरा सहयोग करना चाहिए और समय पर अपनी सही जानकारी उपलब्ध करवानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हों।
