राशन लेने निकला था बालक, वापस नहीं लौटा
कैथल पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 जून से लापता 11 वर्षीय बालक को 9 दिन बाद हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया है। बालक घर से राशन लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने थाना सिविल लाइन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
एसपी के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एंटी नारकोटिक सेल, सीआईए-1 और मिसिंग सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने बालक की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया और हर संभावित सुराग पर काम किया।
सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाली, तकनीकी संसाधनों का लिया सहारा
पुलिस टीम ने जांच के दौरान सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य संभावित स्थानों पर भी गहन जांच की गई। तकनीकी और मानवीय संसाधनों का उपयोग करते हुए पुलिस ने लगातार बच्चे की तलाश जारी रखी।
यह भी पढ़े: कुरुक्षेत्र में कष्ट निवारण समिति की बैठक, मंत्री कृष्ण लाल पंवार का सख्त रुख
हरिद्वार के हर की पौड़ी क्षेत्र से सकुशल बरामद हुआ बालक
लगातार 9 दिनों की अथक मेहनत के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर टीम हरिद्वार पहुंची। यहां हर की पौड़ी क्षेत्र से बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने जताया कैथल पुलिस का आभार
बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और कैथल पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस सफलता को ऑपरेशन स्माइल अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
