Wednesday, July 29, 2026
कलायत नशा विरोधी अभियान

कलायत में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

कलायत/कैथल। नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए कैथल पुलिस ने कलायत क्षेत्र में बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न पुलिस इकाइयों ने मिलकर क्षेत्र के संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

इस अभियान का नेतृत्व कलायत CIA इंचार्ज मनीष कुमार ने किया। अभियान में CIA कैथल, CIA गुहला, AVT स्टाफ कैथल और स्थानीय थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

संदिग्ध ठिकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और खाली स्थानों पर की गई चेकिंग

पुलिस टीमों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्थित संदिग्ध ठिकानों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा सुनसान पड़ी खाली जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने कई स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और लोगों से भी नशे से संबंधित सूचनाएं साझा करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: तरावड़ी में किराये के मकान में रह रहे 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

युवाओं को नशे से बचाने के लिए चलाया जा रहा अभियान

मामले की जानकारी देते हुए CIA इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि युवाओं को नशे की दलदल से बचाने और क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध नशा बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना और युवाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।