फरीदाबाद। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गड़बड़ी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो भी गलत हुआ है, वह स्वीकार्य नहीं है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान अपराधियों को बचाने और मामलों को दबाने का प्रयास किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की नीति पर काम कर रही है।
कांग्रेस पर लगाए राजनीतिक आरोप
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित करने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उद्देश्य राम मंदिर को लेकर लोगों की आस्था को कमजोर करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न कानून पर भरोसा है, न न्यायपालिका पर और न ही जनता पर। उनके अनुसार, राम मंदिर को लेकर देशवासियों की आस्था लगातार मजबूत हो रही है और इसे कोई कमजोर नहीं कर सकता।
फरीदाबाद को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर फरीदाबाद में उस कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से 114 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर फरीदाबाद को भी कई विकास कार्यों की सौगात मिली।
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद में पत्नी के साथ रह रहे युवक को कथित तौर पर घर में घुसकर मारी गोली, हालत गंभीर
गुर्जर ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
कानून के तहत होगी कार्रवाई
केंद्रीय मंत्री ने दोहराया कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता हुई है तो कानून के अनुसार जांच होगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतती।
