Wednesday, July 29, 2026

कुरुक्षेत्र में 15 अमृत सरोवरों का लोकार्पण, कृषि मंत्री बोले- स्वच्छता और जल संरक्षण से बनेगा विकसित भारत

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने सोमवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित अमृत सरोवर कार्यक्रम में शिरकत करते हुए 8.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 15 अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को विकसित भारत की आधारशिला बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नारायणगढ़ से प्रदेशभर में तैयार किए गए 323 अमृत सरोवरों का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की सोच से प्रेरित है, जिसकी शुरुआत हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में की गई थी।

जल संरक्षण और स्वच्छता से मजबूत होगा भारत

कृषि मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब देश स्वच्छ, आत्मनिर्भर और संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक बने। उन्होंने कहा कि सरकार खेती, उद्योग और व्यापार को मजबूत बनाने के साथ-साथ जल संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। अमृत सरोवर योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

अंबाला बोरवेल हादसे पर जताया शोक

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अंबाला में हुए बोरवेल हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और ऐसे हादसे सभी के लिए सबक हैं।

उन्होंने किसानों और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी बोरवेल को खुला न छोड़ें और उसकी सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

सरकार का लक्ष्य जल संरक्षण और सुरक्षित भविष्य

मंत्री ने कहा कि अमृत सरोवर योजना केवल तालाबों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य वर्षा जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों को मजबूत करना भी है। उन्होंने लोगों से इन जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।