कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में स्थित पवित्र सन्निहित सरोवर के समीप एक पार्क में 60 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पार्क में मौजूद लोगों ने महिला को बेसुध अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान बीड़ मथाना गांव निवासी शीला देवी (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि शीला देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थीं और अपने बेटे के साथ रहती थीं। उनके पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिजनों के मुताबिक वह घर से दवा लेने के लिए निकली थीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शीला देवी अक्सर सन्निहित सरोवर के आसपास आती-जाती थीं। घटना वाले दिन भी वह यहां पहुंची थीं, जहां अचानक बेसुध होकर गिर गईं। पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें पहचान लिया और तुरंत उनके बेटे को सूचना दी।
सुभाष मंडी चौकी के प्रभारी एसआई महेश कुमार ने बताया कि मौके की जांच के दौरान महिला के पास दवाइयां मिली हैं। शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। परिजनों ने भी महिला के मानसिक रूप से बीमार होने की जानकारी पुलिस को दी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: हिसार में वेंटिलेटर न मिलने से नवजात की मौत, परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाए गंभीर आरोप
