Wednesday, July 29, 2026
लाडवा थाना कुकर्म मामला

लाडवा थाना प्रकरण में SIT की जांच तेज, दो ASI और होमगार्ड का कराया मेडिकल

कुरुक्षेत्र। लाडवा थाना में एक युवक के साथ कथित कुकर्म और मारपीट के मामले में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। SIT ने मामले में आरोपित दोनों निलंबित ASI और एक होमगार्ड को जांच में शामिल करते हुए उनका मेडिकल परीक्षण कराया है।

गौरतलब है कि बीते दिनों एक युवक ने आरोप लगाया था कि लाडवा थाना के कमरा नंबर-4 में पुलिस कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की और कथित रूप से कुकर्म भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुरुक्षेत्र पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने तत्काल प्रभाव से ASI संजीव कुमार, ASI राजेंद्र कुमार और होमगार्ड सुमित को निलंबित कर दिया था। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए SIT का गठन किया गया था।

जांच के दौरान SIT ने पहले पीड़ित युवक का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। इसके बाद जांच टीम दोनों ASI और होमगार्ड को तफ्तीश में शामिल करते हुए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

डीएसपी निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मामले की हर पहलू से गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और मामले से जुड़े हर छोटे-बड़े पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिन दो पुलिस कर्मचारियों और एक होमगार्ड पर आरोप लगाए गए हैं, उन्हें जांच में शामिल कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने किया बूथों का औचक निरीक्षण