पलवल। जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ओर जहां हथियारों से मारपीट मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, वहीं हत्या और लूट के मामलों में तीन इनामी बदमाशों को भी दबोच लिया। इसके अलावा कैंप थाना क्षेत्र में कार टक्कर और मारपीट मामले का भी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खुलासा कर दिया है।
डीएसपी क्राइम अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीआईए होडल प्रभारी निरीक्षक जगमींदर सिंह की टीम ने थाना शहर पलवल में दर्ज मारपीट मामले के मुख्य आरोपी हर्ष को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
डीएसपी के अनुसार 27 मई 2026 को सीआईए होडल की टीम नेशनल हाईवे-19 पर हसनपुर फ्लाईओवर के पास गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुकदमा नंबर 217 दिनांक 21 मई 2026 में वांछित आरोपी हर्ष पुत्र किशोरी निवासी मित्रोल, पलवल अवैध हथियार के साथ गोडोता रोड स्थित बेढा पट्टी कट के पास घूम रहा है।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा .315 बोर और खाली कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने के चार मामले दर्ज बताए गए हैं।
हत्या और लूट के मामलों में तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार
डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच पलवल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार की टीम ने हत्या और लूट के दो अलग-अलग मामलों में तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 13 दिसंबर 2023 को गांव छज्जूनगर में हुए सिमरन हत्याकांड में शामिल पांच-पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी नेत्रपाल और अतुल को गिरफ्तार किया। आरोपी नेत्रपाल को एसटीएफ के साथ संयुक्त अभियान में पकड़ा गया। इस मामले में थाना चांदहट में मुकदमा नंबर 514/2023 दर्ज है।
इसके अलावा 16 दिसंबर 2025 को कैंप मार्केट पलवल में मोबाइल दुकानदार के साथ मारपीट और नगदी लूट मामले में वांछित पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी लोकेश उर्फ रॉकी निवासी बहरौला को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले ही जसवंत उर्फ हड्डी और मनीष बढ़ाना गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
सीसीटीवी फुटेज से खुला मारपीट मामले का राज
कैंप थाना क्षेत्र में 22 मई को हुए कार टक्कर और मारपीट मामले की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि सभी युवक पहले साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान कहासुनी होने पर नरेंद्र कुंडू ने कार से टक्कर मार दी, जिससे रोहित और उसके साथी बाल-बाल बच गए।
इसके बाद दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से मारपीट की। पुलिस जांच में हथौड़ों से हमला किए जाने की बात अफवाह साबित हुई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज करते हुए जानलेवा हमला मामले में नरेंद्र कुंडू तथा दूसरे मामले में रोहित और दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रोहित और दिनेश के खिलाफ निवारक कार्रवाई भी की है।
