Friday, June 12, 2026

UJJWAL DISHA@ भिवानी में बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने बहाई 650 लीटर अवैध शराब, 25 मुकदमों के माल को किया नष्ट; मालखाने को मिली राहत

भिवानी। भिवानी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाते हुए मालखाने में जमा 650 लीटर (करीब 650 बोतल) शराब को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। भिवानी के सिटी थाना परिसर में कोर्ट के आदेशानुसार और नियुक्त किए गए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की सख्त मौजूदगी में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह वह शराब थी जिसे पुलिस ने पिछले एक साल के दौरान विभिन्न इलाकों में छापेमारी (रेड) करके तस्करों से जब्त किया था।

 25 मुकदमों और 19 फैसलासुदा केसों का था माल

सिटी थाना के एसएचओ (SHO) जरनैल सिंह ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उच्च अधिकारियों के दिशानिर्देशों पर यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि थाने के मालखाने में एक्साइज एक्ट के तहत दर्ज कुल करीब 25 मुकदमों का माल रखा हुआ था। इनमें से 19 ऐसे मामले थे जो फैसलासुदा थे, यानी जिनकी कोर्ट में लंबे समय से ट्रायल चल रही थी और अब उन पर फैसला आ चुका था। इन सभी मामलों से जुड़ी करीब साढ़े 650 बोतल अवैध शराब को कानूनी प्रक्रिया के तहत डिस्ट्रॉय (नष्ट) किया गया है।

 पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और मालखाने की जगह को लेकर लिया फैसला

एसएचओ जरनैल सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में जब्त शराब लंबे समय से मालखाने में रखी होने के कारण काफी जगह घेर रही थी। इसके अलावा, बंद जगह पर सालों पुरानी शराब रखे होने की वजह से वहां तैनात पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा और विपरीत असर पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए पुलिस विभाग ने कोर्ट से माल नष्ट करने की अनुमति मांगी। अदालत से हरी झंडी मिलने के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए और उनके सामने शराब की बोतलों को नष्ट कर बहा दिया गया।👮 “अवैध शराब की तस्करी पर आगे भी जारी रहेगा एक्शन”

सिटी थाना प्रभारी ने तस्करों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जो शराब नष्ट की गई है, उसे अवैध तरीके से तस्करी करके शहर में खपाने की कोशिश की जा रही थी, जिसे मुस्तैद पुलिस टीमों ने समय रहते पकड़ा था। उन्होंने साफ किया कि भिवानी पुलिस आगे भी अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी को रोकने के लिए अपने विशेष अभियान को पूरी कड़ाई के साथ जारी रखेगी।