Friday, June 12, 2026

UJJWAL DISHA@ राजगढ़ नगर पंचायत में बड़ा सियासी उलटफेर, भाजपा के नरेंद्र ठाकुर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए

राजगढ़। नगर पंचायत राजगढ़ में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गए। अध्यक्ष पद पर विक्रम जैलदार की ताजपोशी हुई, जबकि केवल दो सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी के नरेंद्र ठाकुर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। इस परिणाम को स्थानीय राजनीति में बड़ा उलटफेर माना जा रहा है और कांग्रेस के लिए इसे एक बड़े राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है।

चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि निर्वाचित सदस्यों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सर्वसम्मति से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन किया। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी। स्थिति यह रही कि कांग्रेस की ओर से नामांकन प्रस्तावित करने वाला भी कोई सदस्य सामने नहीं आया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह परिणाम क्षेत्र में बदलते राजनीतिक समीकरणों और स्थानीय स्तर पर बनी सहमति की राजनीति का संकेत देता है। नगर पंचायत के गठन के बाद से ही संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय रहे भाजपा नेताओं ने इस परिणाम को पार्टी के लिए सकारात्मक बताया है।

उधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विनय कुमार और स्थानीय संगठन के लिए भी यह परिणाम उत्साहवर्धक माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस खेमे में इस घटनाक्रम को लेकर निराशा का माहौल देखा गया।

ताजपोशी के बाद अध्यक्ष विक्रम जैलदार और उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने शिरगुल मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि राजगढ़ को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए सभी पार्षदों और नागरिकों के सहयोग से कार्य किया जाएगा।