कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थान के राधा कृष्ण मंदिर में पहुंचकर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए स्वामी ज्ञानानंद महाराज को शॉल ओढ़ाकर तथा फल और मिठाई भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
राधा कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने संस्थान के राधा कृष्ण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की। उन्होंने हरियाणा प्रदेश की सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की।
गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का गौरव: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु-शिष्य परंपरा और भारतीय संस्कृति के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन भूमि से पूरे विश्व को गीता के माध्यम से जीवन जीने की प्रेरणा मिली है।
उन्होंने कहा कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज कई दशकों से गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं और उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक है।
गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य
मुख्यमंत्री ने स्वामी ज्ञानानंद महाराज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका आध्यात्मिक मार्गदर्शन समाज में सकारात्मक चेतना का संचार कर रहा है। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों के लिए मंगलकामनाएं भी व्यक्त कीं।
