नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में पुलिस विभाग के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र के गांव गोयला के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, पुनहाना सीआईए की टीम को गोवंश से भरे एक वाहन की सूचना मिली थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण वाहन KMP एक्सप्रेसवे पर खराब हो गया, जिसके बाद उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम वाहन के पास आवश्यक कार्रवाई कर रही थी। तभी मानेसर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के पास खड़े पुलिस जवान गिरीश ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में ASI मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिसकर्मी साहिल बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस, धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायल ASI मुकेश को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने गोवंश से भरे वाहन और दुर्घटना में शामिल ट्रक दोनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
