Friday, June 12, 2026

UJJWAL DISHA@पलवल में होडल के लघु सचिवालय के नहीं बैठते अधिकारी, लोग परेशान

पलवल (होडल)। जिला पलवल के होडल उपमंडल में स्थित लघु सचिवालय इन दिनों प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन चुका है। सचिवालय के अंदर बने विभिन्न विभागों के कार्यालयों में न तो कोई अधिकारी बैठता है और न ही कोई कर्मचारी। हालात इतने बदतर हैं कि दूर-दराज से अपने जरूरी काम करवाने आए लोग घंटों इंतजार करने के बाद मायूस होकर अपने घरों को लौटने को मजबूर हैं।

 बिजली की बर्बादी चालू, कुर्सियां खाली और दफ्तरों पर ताले

हैरानी की बात यह है कि लघु सचिवालय के कई कार्यालयों पर जहां ताले जड़े हुए हैं, वहीं कुछ दफ्तरों के अंदर कुर्सियां तो पूरी तरह खाली पड़ी हैं, लेकिन वहां पंखे, लाइटें और एसी (AC) धड़ल्ले से चल रहे हैं। जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स से सरकारी बिजली की यह बर्बादी खुलेआम हो रही है, लेकिन दफ्तरों से साहब और बाबू दोनों गायब हैं।

 “पैसे खर्च कर और छुट्टी लेकर आते हैं, पर मिलता है सिर्फ ताला”

जब सचिवालय परिसर में अपने काम के लिए भटक रहे आम लोगों से बात की गई, तो उनका दर्द और आक्रोश फूट पड़ा। पीड़ित ग्रामीणों व स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे कई दिनों से लगातार पटवारियों और अन्य विभागों के चक्कर काट रहे हैं। लोगों का कहना है:

“हम अपनी ड्यूटी से छुट्टी लेकर और जेब से पैसे खर्च करके कई दिनों से यहां आ रहे हैं। लेकिन हर बार पटवारी कार्यालय पर ताला लटका मिलता है। कोई सुनने वाला नहीं है।”