Wednesday, July 29, 2026
पंचकूला महिला लापता

पंचकूला में दो मासूम बच्चों को छोड़ महिला लापता, पति ने अज्ञात व्यक्ति के साथ जाने का लगाया आरोप

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने दो छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर लापता हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ घर छोड़कर चली गई है। घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है और दो मासूम बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी अकेले पिता पर आ गई है।

पीड़ित पति रमाशंकर ने बताया कि उनकी शादी को करीब 12 वर्ष हो चुके हैं। उनके अनुसार, पत्नी एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी, लेकिन उसने कभी अपने कार्यस्थल की पूरी जानकारी साझा नहीं की। पति का कहना है कि उसे अपनी पत्नी पर पहले कभी शक नहीं हुआ, लेकिन अब अचानक उसके लापता होने से पूरा परिवार टूट गया है।

बच्चों की जिम्मेदारी ने बढ़ाई पिता की चिंता

रमाशंकर ने भावुक होते हुए कहा कि पत्नी के घर छोड़ने के बाद वह बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब सबसे बड़ी चिंता दोनों छोटे बच्चों के पालन-पोषण, पढ़ाई और उनकी देखभाल की है।

उन्होंने बताया कि महिला को लापता हुए करीब 17 दिन हो चुके हैं और इस दौरान वह लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि वह समझ नहीं पा रहे कि बच्चों की देखभाल करें या नौकरी पर जाएं।

सेक्टर-5 थाने में दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित पति ने पंचकूला के सेक्टर-5 थाना पुलिस को शिकायत देकर पत्नी की तलाश की मांग की है। वह लगातार अपने बच्चों के साथ थाने के चक्कर लगा रहे हैं ताकि महिला का जल्द से जल्द पता चल सके।

पुलिस ने शुरू की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-5 थाना पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार महिला के मोबाइल फोन की ट्रेसिंग कराई जा रही है। इसके अलावा महिला का हुलिया और अन्य आवश्यक जानकारी विभिन्न थानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर साझा की गई है। पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और महिला का पता लगने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।