पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों बच्चियां अपनी मां के साथ धागा फैक्ट्री में आई हुई थीं और खेलते-खेलते भारी धागे के बंडलों की चपेट में आ गईं।
जानकारी के अनुसार, भैंसवाल रोड स्थित खड़ंजा रोड के पास श्री लक्ष्मी फैक्ट्री में रोजाना की तरह मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मजदूरों की तीन बच्चियां गोदाम में खेल रही थीं। खेलते समय रैक हिलने से करीब 500-500 किलोग्राम के दो भारी धागे के बंडल अचानक बच्चियों के ऊपर गिर गए।
हादसे में साढ़े चार वर्षीय प्रयगा और ढाई वर्षीय सोनम की मौके पर ही गंभीर रूप से चोट लगने और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों और परिजनों ने तुरंत भारी बंडलों को हटाकर बच्चियों को बाहर निकाला और पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रयगा और सोनम को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़े: NEET पेपर लीक पर बरसे सांसद वरुण मुलाना, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
मृतक बच्ची प्रयगा की मां मूर्ति ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी बेटी का नर्सरी में दाखिला करवाया था। घर पर बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं था, इसलिए वह उन्हें अपने साथ फैक्ट्री लेकर आई थीं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
