पानीपत: हरियाणा के पानीपत में पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अपहरण मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर युवक को पुलिस कार्रवाई का झांसा दिया और उसका अपहरण कर लिया था। पुलिस ने अपहृत युवक दिलावर को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार देर रात गांव थिराना अड्डे से दिलावर नामक युवक को कुछ लोग जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए। आरोपियों में से एक ने अपने पिता, जो सब-इंस्पेक्टर हैं, की वर्दी पहन रखी थी। इसी कारण आसपास मौजूद लोगों को घटना पर शक नहीं हुआ और आरोपी आसानी से युवक को अपने साथ ले गए।
अपहरण की सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, आईपीएस ने सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर महज 20 घंटे के भीतर सोनीपत में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चार सोनीपत और दो पानीपत के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने अपहृत युवक दिलावर को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि अपहरण के पीछे क्या मकसद था, वारदात की साजिश किसने रची और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।
पानीपत पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
