Tuesday, July 28, 2026
Panipat Somaya Hotel Fight

पानीपत के सोमाया होटल में शादी समारोह के दौरान बवाल, होटल मालिक के बेटे से मारपीट

पानीपत के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सोमाया होटल में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के दौरान जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल के एयर कंडीशनर (AC) में तकनीकी खराबी आने के बाद नाराज कुछ लोगों ने होटल मालिक के बेटे पर हमला कर दिया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-25 स्थित सोमाया होटल में शुक्रवार को एक मैरिज फंक्शन आयोजित किया गया था। दोपहर में हल्दी की रस्म के बाद शाम को मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान हॉल के एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे कूलिंग प्रभावित हो गई।

होटल प्रबंधन के मुताबिक, तकनीकी स्टाफ खराबी को दूर करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कुछ युवक इस बात को लेकर नाराज हो गए। आरोप है कि वे होटल के रिसेप्शन पर पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। होटल मालिक के बेटे वत्सल सिंगला ने उन्हें शांत रहने और जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया, लेकिन विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि 15 से 20 युवकों ने वत्सल सिंगला को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने उनके साथ थप्पड़, लात-घूंसों से मारपीट की और उनकी टी-शर्ट तक फाड़ दी। घटना के दौरान होटल में तोड़फोड़ की भी कोशिश की गई। होटल स्टाफ और बाउंसरों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन भीड़ काफी देर तक हंगामा करती रही।

गंभीर रूप से घायल वत्सल सिंगला को होटल कर्मचारियों ने किसी तरह बचाकर एक कमरे में सुरक्षित पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हमलावर कमरे के बाहर भी काफी देर तक हंगामा करते रहे और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया।

यह भी पढ़े: डेरा श्रद्धालुओं ने संभाली सफाई की कमान, कुछ घंटों में चमक उठे सिरसा के तीन गांव

वहीं, दूसरे पक्ष के अनुराग ने होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि होटल में सुबह से ही एसी सही तरीके से काम नहीं कर रहा था। शिकायत करने पर होटल प्रबंधन ने अभद्र व्यवहार किया और बाउंसरों से बाहर निकालने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।

मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। चांदनीबाग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।