कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर की गई अपील का असर अब टूर एंड ट्रैवल कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। मई और जून के दौरान आमतौर पर विदेश घूमने जाने वालों की संख्या अधिक रहती है, लेकिन इस बार कई लोग अपनी विदेशी यात्राएं रद्द करवा रहे हैं।
टूर एंड ट्रैवल कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि पहले जहां बड़ी संख्या में लोग विदेश घूमने के लिए टिकट बुक करवाते थे, वहीं अब घरेलू पर्यटन की ओर रुझान बढ़ रहा है। कई टूर ऑपरेटर भी लोगों को भारत के पर्यटन स्थलों की ओर आकर्षित करने की सलाह दे रहे हैं।
कुरुक्षेत्र के टूर एंड ट्रैवल कारोबारी गगनदीप ने बताया कि पहले उनके पास प्रतिदिन 100 से अधिक विदेशी टिकटों की बुकिंग होती थी, लेकिन अब यह संख्या घटकर 5 से 10 तक रह गई है। उन्होंने बताया कि लोग थाईलैंड, दुबई, वियतनाम, मलेशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देशों की यात्राएं अधिक बुक करवाते थे, मगर अब बड़ी संख्या में लोग टिकट कैंसिल करवा रहे हैं।
गगनदीप ने कहा कि मई और जून का समय विदेश यात्राओं के लिए सबसे व्यस्त सीजन माना जाता है, लेकिन प्रधानमंत्री की अपील के बाद कारोबार प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि वह भी लोगों को फिलहाल देश के भीतर पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने की सलाह दे रहे हैं।
वहीं सिंगापुर यात्रा की टिकट रद्द करवाने पहुंचीं शारदा कोहली ने बताया कि वह हर साल जून महीने में अपने बच्चों के साथ विदेश घूमने जाती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए अपनी यात्रा रद्द कर दी। उनका कहना है कि देशहित को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है।
