यमुनानगर, 4 जून। जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रीति ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो सके। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान मृत, स्थानांतरित तथा अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे, जबकि निर्धारित तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि सटीक और प्रमाणिक मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रत्येक चरण को गंभीरता से पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
उन्होंने बताया कि 5 से 15 जून तक संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे और मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे।
उपायुक्त ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन का लक्ष्य मतदाता सूची को पूरी तरह प्रमाणिक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक योग्य नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।
