Tuesday, July 28, 2026
केवल सिंह ढिल्लों भाजपा पंजाब

पंजाब में बढ़ रहा भाजपा का कुनबा, AAP के पूर्व उम्मीदवार जीत लाल भट्टी भाजपा में शामिल

चंडीगढ़। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी लोगों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतरेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आदमपुर से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार रहे जीत लाल भट्टी और आदमपुर के पूर्व हलका इंचार्ज भाजपा में शामिल हो गए हैं।

चंडीगढ़ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो अपने प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है।

ढिल्लों ने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकारें विकास के नए मानक स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी महाराजा रणजीत सिंह के सुशासन से प्रेरित शासन व्यवस्था स्थापित करने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि महाराजा रणजीत सिंह की 187वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर तीन से चार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भी महाराजा रणजीत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ढिल्लों ने कहा कि जिस प्रकार महाराजा रणजीत सिंह ने जाति-पाति से ऊपर उठकर सभी वर्गों को साथ लेकर शासन किया, उसी प्रकार का सुशासन भाजपा पंजाब में स्थापित करना चाहती है।

तख्त श्री हजूर साहिब से जुड़े महाराष्ट्र सरकार के प्रस्तावित अधिनियम को लेकर उठी चिंताओं पर ढिल्लों ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस संबंध में बातचीत की है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि सिख समुदाय की भावनाओं को किसी भी प्रकार की ठेस नहीं पहुंचने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस विषय पर चर्चा के लिए चंद्रशेखर बावनकुले को सिख नेताओं से बातचीत के लिए भेजा गया है और महाराष्ट्र सरकार इस मामले की समीक्षा के लिए एक समिति का गठन करेगी।

 

यह भी पढ़ें: पलवल में DTP विभाग का चला पीला पंजा, अवैध कॉलोनियों और बैंक्वेट हॉल पर कार्रवाई

 

 

पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार 1,500 करोड़ रुपये का एक और कर्ज लेने की तैयारी कर रही है। उनका दावा था कि मौजूदा सरकार अब तक करीब 78 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है, जिससे राज्य पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

अंत में केवल सिंह ढिल्लों ने शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा के दोबारा गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट कहा कि फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में अपने दम पर आगे बढ़ रही है और संगठन को लगातार मजबूत किया जा रहा है।