Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: राजस्थान की गर्म हवाओं से तपने लगा अंबाला, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या

अंबाला समेत पूरे उत्तर भारत में अब गर्मी का असर तेज़ी से बढ़ने लगा है। राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवाओं ने हरियाणा में तापमान बढ़ा दिया है, जिसका असर अंबाला में सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। बीते दो-तीन दिनों में गर्मी इतनी बढ़ गई है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। शहर के बाजारों में भी दिन के समय सन्नाटा नजर आने लगा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बढ़ी गर्मी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लोग अब केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप और लू से बचने के लिए लोग मुंह और सिर को कपड़े से ढककर निकल रहे हैं। कई लोग राहत पाने के लिए गन्ने का जूस, नींबू पानी और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखाई दिए।

मौसम में लंबे समय तक बनी ठंडक के कारण लोगों को उम्मीद थी कि इस बार गर्मी कम पड़ेगी, लेकिन 15 मई के बाद तापमान तेजी से बढ़ना शुरू हो गया। अब शहर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि राजस्थान से चल रही गर्म हवाएं हरियाणा होते हुए आगे बढ़ रही हैं, जिससे अंबाला सहित आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर बढ़ गया है।

वहीं बढ़ती गर्मी का असर अस्पतालों में भी दिखाई देने लगा है। Civil Hospital Ambala Cantonment के डॉक्टरों के अनुसार गर्मी के कारण ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में डायरिया, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि दूषित पानी पीने और बाजार का बाहर का खाना खाने से लोग बीमार हो रहे हैं।

डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि बहुत जरूरी न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और मुंह को कपड़े से ढककर निकलें तथा समय-समय पर ठंडा पानी, जूस और अन्य तरल पदार्थ लेते रहें। साथ ही तली-भुनी चीजों और बाहर के खाने से परहेज करने की भी सलाह दी गई है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *