Thursday, July 30, 2026
संगड़ाह में एक सप्ताह में 4 मौतें

संगड़ाह में एक सप्ताह में 4 लोगों की मौत, क्षेत्र में दहशत का माहौल

जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड संगड़ाह में एक सप्ताह के भीतर चार लोगों की अचानक मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद गांवों और बाजारों में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इन घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।

ताजा मामला ददाहू तहसील के कोटला-मोलर गांव का है, जहां 54 वर्षीय लच्छी राम की छाती में दर्द उठने के बाद संगड़ाह अस्पताल में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार लच्छी राम अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए राणफुआ गांव आए हुए थे। देर रात करीब सवा एक बजे उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत संगड़ाह अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार मौत का संभावित कारण ब्रेन स्ट्रोक अथवा हृदय गति रुकना हो सकता है।

परिजनों का कहना है कि लच्छी राम को पहले किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। अचानक हुए निधन से परिवार गहरे सदमे में है। उनके निधन से दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त किया है।

अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार यह एक सप्ताह के भीतर तीसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 17 जून को संगड़ाह निवासी जय प्रकाश की बाथरूम में नहाते समय दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। वहीं 21 जून को पुलिस थाना संगड़ाह में तैनात होमगार्ड जवान सतपाल पवार को अचानक दौरा पड़ने पर अस्पताल लाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

इसके अलावा 18 जून को रेड़ली गांव निवासी जयपाल लाना मशहूर क्षेत्र के समीप मृत अवस्था में मिले थे। इस प्रकार महज एक सप्ताह के भीतर चार लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि इतने कम समय में इस तरह की लगातार मौतें गंभीर विषय हैं और स्वास्थ्य विभाग को इन मामलों के कारणों की गहन जांच करनी चाहिए।

फिलहाल इन घटनाओं ने पूरे श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है। हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर एक सप्ताह के भीतर लगातार हुई इन मौतों के पीछे वजह क्या है।