Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA: स्कैनर दिखाकर ठगी करने वाला शातिर काबू, अंबाला छावनी बस स्टैंड का मामला

अंबाला। अंबाला छावनी बस स्टैंड के पास दुकानदारों को स्कैनर के जरिए ठगी का शिकार बनाने वाले एक शातिर युवक को लोगों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। आरोपी दुकानदारों से स्कैनर पर पैसे डलवाकर नकद देने का झांसा देता था और मौका मिलते ही फरार हो जाता था।

5900 रुपये डलवाकर भागने की कोशिश

मामला मोबाइल कम्युनिकेशन की दुकान का है, जहां दुकान मालिक सुमित कुमार की पत्नी दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान एक युवक आया और किसी स्कैनर पर 5900 रुपये डलवाने को कहा, बदले में नकद देने की बात कही। जैसे ही महिला ने पैसे ट्रांसफर किए, आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भागने लगा।

हल्ला मचाने पर लोगों ने दबोचा

महिला दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसे लाल कुर्ती पुलिस चौकी में पुलिस के हवाले कर दिया।

पहले भी कर चुका है ठगी

पुलिस चौकी इंचार्ज राजेंद्र के अनुसार, आरोपी की पहचान यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र के गांव बैन्दी निवासी के रूप में हुई है। वह पहले भी इस तरह की ठगी की वारदातों में शामिल रहा है। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में भी वह इसी तरीके से एक महिला से करीब 20 हजार रुपये की ठगी कर चुका है, जिसमें उसके खिलाफ मामला दर्ज है।

मामला दर्ज, पूछताछ जारी

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।