शिमला/सिरमौर। जिला सिरमौर के भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित जिला परिषद प्रतिनिधियों ने शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राजगढ़ की विधायक रीना कश्यप, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर तथा भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को भरपूर समर्थन और विश्वास दिया है, जिसे जनसेवा और विकास कार्यों के माध्यम से और मजबूत बनाया जाना चाहिए।
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान
जय राम ठाकुर ने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं और उनके समाधान के लिए ईमानदारी तथा पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
पंचायतों को मजबूत बनाने पर जोर
बैठक में जिला सिरमौर के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं, पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं और विकास संबंधी प्राथमिकताओं को पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
यह भी पढ़ें: भिवानी में मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- SIR लोकतंत्र को कर रहा मजबूत
भाजपा हर स्तर पर करेगी सहयोग
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संगठन और पार्टी नेतृत्व जनप्रतिनिधियों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने में पार्टी हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
