Wednesday, July 29, 2026
Sirsa Safai Abhiyan

डेरा श्रद्धालुओं ने संभाली सफाई की कमान, कुछ घंटों में चमक उठे सिरसा के तीन गांव

सिरसा जिले के गांव केलनिया, अली मोहम्मद और सहारणी में शुक्रवार को स्वच्छता को लेकर एक विशेष पहल देखने को मिली। ग्राम पंचायतों की अपील पर डेरा सच्चा सौदा की साध-संगत और शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों ने व्यापक सफाई अभियान चलाकर गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य किया।

अभियान में सिरसा जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में सेवादार शामिल हुए। दोपहर बाद शुरू हुए इस अभियान के दौरान गांवों की गलियों, पंचायत घरों, आयुष्मान केंद्रों, सरकारी स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। जगह-जगह फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया गया।

सफाई अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया। गांवों की मुख्य सड़कों, गलियों और सामुदायिक स्थलों पर विशेष रूप से सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, जिससे गांवों का वातावरण पहले से अधिक स्वच्छ और सुंदर दिखाई देने लगा है।

गांव केलनिया की सरपंच अंजू बाला, अली मोहम्मद के सरपंच गुगनराम और सहारणी के सरपंच सतपाल ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले गांवों में सफाई अभियान चलाने का अनुरोध किया था, जिसके बाद सेवादारों ने गांवों में पहुंचकर सफाई अभियान को सफल बनाया। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे न केवल गांवों की साफ-सफाई हुई है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।

 

यह भी पढ़े: फरीदाबाद की मलबेरी काउंटी सोसाइटी में 10 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों का हमला, 50 टांके लगे

 

 

सेवादारों ने बताया कि अभियान में शामिल सभी लोग अपने भोजन और पेयजल की व्यवस्था स्वयं करके पहुंचे थे, ताकि गांववासियों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त बोझ न पड़े। उनका कहना था कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना भी है।

अभियान के बाद गांवों के सार्वजनिक स्थल साफ-सुथरे नजर आए। ग्रामीणों ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं।