पलवल जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा “ऑपरेशन लगाम” अभियान के तहत विशेष कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के दौरान सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहनों, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों, पटाखा छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पिछले एक महीने में ट्रैफिक पुलिस द्वारा करीब 40 लाख रुपये के चालान किए जा चुके हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने आगरा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे। विशेष रूप से सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों, ब्लैक फिल्म लगी कारों, बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
जगबीर सिंह ने बताया कि जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार चालान किए जाते हैं।
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की।
ट्रैफिक पुलिस ने जिलेवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
