हरियाणा के अंबाला-शाहाबाद नेशनल हाईवे स्थित जीटी रोड पर अमन डीलक्स ढाबे के पास ईद के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद के समीप गांव लंडा निवासी एक मुस्लिम परिवार मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहा था। जब वे अमन डीलक्स ढाबे के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
ईद के मौके पर हुए इस हादसे की खबर जैसे ही गांव लंडा पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
