यमुनानगर से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। हरियाणा-हिमाचल बॉर्डर स्थित लाल डांग इलाके में मक्के से भरा एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। चढ़ाई के दौरान ट्रक अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिससे वहां मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ लोगों के अभी भी ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक मक्के की बोरियों से पूरी तरह भरा हुआ था और लाल डांग की चढ़ाई चढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कई लोग ट्रक के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस प्रशासन को सूचना दी।
मृतकों की पहचान राजिन्द्र कुमार निवासी चूड़पुर कला और फूल सिंह निवासी दौलतपुर के रूप में हुई है। वहीं कुछ बच्चों समेत अन्य लोगों के भी ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस, प्रशासन और राहत टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। पूरे इलाके में तनाव और मातम का माहौल बना हुआ है।
