Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA: अंबाला में संदिग्ध कैमरे लगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तारों की जांच

अंबाला में नेशनल हाईवे 152-D पर शंभू टोल प्लाजा के पास और थाना नग्गल क्षेत्र में संदिग्ध कैमरे लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कथित तौर पर फुटेज पाकिस्तान भेज रहे थे और उनका संबंध नशा एवं हथियार तस्करों से भी बताया जा रहा है।

अंबाला पुलिस की CIA-1 टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत उर्फ मन्नी निवासी जिला तरनतारन और अनमोल निवासी फिरोजपुर, Punjab के रूप में हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला पुलिस के एसपी के निर्देश पर जांच CIA-1 को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े नशा तस्करों और हथियार सप्लायर्स के संपर्क में थे। आरोप है कि उन्हीं के कहने पर हाईवे और संवेदनशील इलाकों में कैमरे लगाए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन कैमरों के जरिए किस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और फुटेज किस उद्देश्य से भेजी जा रही थी।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और संभावित नेटवर्क को लेकर भी जांच जारी है।