कुरुक्षेत्र। जिले के किरमच गांव के पास भाखड़ा नहर में एक मजदूर युवक के डूबने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब ईंट भट्ठे पर काम करने वाला मजदूर लक्ष्मण दास नहर किनारे हाथ धोने गया था और अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय लक्ष्मण दास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का निवासी था और पिछले 9-10 वर्षों से किरमच क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह अपने बच्चों को दवाई दिलाकर लौटा था और नहर किनारे हाथ धोने गया था।
केयूके थाना के सब-इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक नहर में सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। आशंका जताई जा रही है कि वह तेज बहाव में काफी दूर तक बह गया हो।
गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने लगातार दो घंटे तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि युवक की तलाश के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लक्ष्मण दास अपने पीछे आठ बच्चों का परिवार छोड़ गया है। बताया जा रहा है कि उसकी बड़ी बेटी की हाल ही में शादी हुई थी। परिवार और भट्ठा मजदूरों में घटना के बाद शोक का माहौल है।
