नूंह। नूंह जिले के पुन्हाना शहर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर वार्ड नंबर 8 और 9 के लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा जुरेहड़ा रोड पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनके क्षेत्र में वर्षों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। पुरानी पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण घरों तक पर्याप्त और स्वच्छ पानी नहीं पहुंच पा रहा। लोगों का आरोप है कि दूषित पानी की आपूर्ति से बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
वार्डवासियों ने बताया कि वे कई बार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पब्लिक हेल्थ) के अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक नई पाइपलाइन बिछाने और नियमित स्वच्छ पेयजल आपूर्ति का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
यह भी पढ़ें: मानसून में मलेरिया को लेकर पलवल स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अब तक 2 मरीज मिले
