चंडीगढ़/
चंडीगढ़ में सोमवार सुबह पुलिस और एक वांटेड गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। चंडीगढ़ पुलिस ऑपरेशन सेल की टीम ने करीब पांच राउंड फायरिंग के बाद आरोपी को काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि हरियाणा का एक बदमाश चंडीगढ़ में किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचा है। सूचना के आधार पर ऑपरेशन सेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड के पास घेराबंदी कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी बहन के घर आया हुआ था। जैसे ही पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, उसने मौके से भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों तरफ से करीब पांच राउंड गोलियां चलीं—जिसमें से तीन राउंड बदमाश की ओर से और दो राउंड पुलिस की तरफ से फायर किए गए।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मौके से पांच खोखे बरामद किए गए हैं। साथ ही आरोपी के पास से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी मुकेश उर्फ गोलू है, जो अवैध हथियारों की सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। वह मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब और हरियाणा में सप्लाई करता था।

उसके खिलाफ चंडीगढ़ के मलोया थाना में वर्ष 2021 में हथियार तस्करी का मामला दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे ‘प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर’ (PO) घोषित कर रखा था।
इस ऑपरेशन के दौरान डीएसपी दलबीर सिंह और इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
फिलहाल, पुलिस अधिकारी इस मामले में विस्तृत जानकारी देने से बच रहे हैं। प्रारंभिक जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
