Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA – नशा तस्कर या तो अपराध छोड़ें या इलाका, वरना अंजाम भुगतने को तैयार रहें: थाना प्रभारी डीके

पड़ाव पुलिस की नशा तस्करों को दोटूक चेतावनी; अंबेडकर पार्क, रंगिया मंडी और नन्हेड़ा की बस्तियों में चलाया सघन तलाशी अभियान

अंबाला | उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार अंबाला को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ पड़ाव थाना पुलिस अब एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस ने नशा बेचने वालों और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पड़ाव थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार (डीके) के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में घर-घर जाकर तलाशी ली और संदिग्धों की जांच की।

संदिग्ध इलाकों में घर-घर तलाशी

थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि नशा तस्करी की रोकथाम के लिए अंबेडकर पार्क, 12 क्रॉस रोड स्थित वाल्मीकि बस्ती, रंगिया मंडी और नन्हेड़ा की वाल्मीकि बस्ती जैसे क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने न केवल संदिग्ध घरों की तलाशी ली, बल्कि बिना नंबर के संदिग्ध दोपहिया वाहनों को भी मौके पर ही इंपाउंड (जब्त) किया।

अपराधियों को सख्त अल्टीमेटम

अभियान के दौरान अपराधियों को सख्त संदेश देते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि पड़ाव थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोटूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा:

“अपराधी या तो नशा बेचना और अपराध करना पूरी तरह छोड़ दें, या फिर इस थाना क्षेत्र से कहीं और चले जाएं। अगर वे यहां रहकर कानून का उल्लंघन करेंगे, तो उन्हें अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। ज्यादातर अपराधी जेल की सलाखों के पीछे हैं और बाकियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।”

जनता से सहयोग की अपील, नाम रखा जाएगा गुप्त

पुलिस ने इस दौरान स्थानीय निवासियों के साथ बैठक की और उनसे अपील की कि वे अपने क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि यदि कोई व्यक्ति नशा बेचने वाले या किसी संदिग्ध अपराधी की सूचना पुलिस को देता है, तो उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

जारी रहेगा अभियान

पड़ाव थाना पुलिस के अनुसार, अंबाला को नशामुक्त बनाने के लिए इस प्रकार के औचक चेकिंग और सर्च अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशा माफियाओं की कमर तोड़ना और युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालना है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *