Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: मामूली कहासुनी बनी जानलेवा: यमुनानगर में व्यक्ति की गंडासियों से हत्या

यमुनानगर। हमीदा क्षेत्र में बीती रात एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की बेरहमी से गंडासियों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

टहलने निकले व्यक्ति पर घात लगाकर हमला

मृतक की पहचान हमीदा के गुजरान मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय मेहंदी हसन के रूप में हुई है, जो खेतीबाड़ी का काम करता था और दो बच्चों का पिता था। जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 10 बजे मेहंदी हसन घर के बाहर टहलने निकला था, तभी आरोपियों ने उस पर घात लगाकर हमला कर दिया।

परिजनों के साथ मिलकर किया हमला

परिजनों के मुताबिक, इससे पहले मृतक और पड़ोसी अवैश के बीच बैठक में कहासुनी हुई थी, जिसे आसपास के लोगों ने शांत करा दिया था। लेकिन कुछ देर बाद आरोप है कि अवैश अपने पिता, दो भाइयों और अन्य लोगों के साथ गंडासीनुमा हथियार लेकर पहुंचा और मेहंदी हसन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हमले में गंभीर रूप से घायल मेहंदी हसन को परिजन तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

घटना की सूचना मिलते ही हमीदा चौकी और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर 6-7 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

जांच जारी, कारणों की पड़ताल

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश और कहासुनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *